पंजाबराज्य

चंडीगढ़ में बनेगा फोरलेन एलिवेटेड पुल, बापूधाम के पास सुखना चो पर दिसंबर से शुरू होगा निर्माण

चंडीगढ़
 शहर में ट्रैफिक जाम की समस्या दूर करने और मानसून के दौरान निर्बाध आवाजाही सुनिश्चित करने के लिए बापूधाम-शास्त्री नगर के पास सुखना चो पर फोरलेन एलिवेटेड पुल का निर्माण दिसंबर में शुरू होने की संभावना है।

चीफ इंजीनियर सीबी ओझा के अनुसार, टेंडरों का मूल्यांकन किया जा रहा है। 16.63 करोड़ से बनने वाले इस पुल का निर्माण कार्य दिसंबर में शुरू होने की उम्मीद है, जिसे 12 महीने में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। बापूधाम-शास्त्री नगर के पास सुखना चो पर बना मौजूदा लो-लेवल पुल बरसात के दौरान परेशानी का कारण बनता है।

सुखना झील से पानी छोड़े जाने पर जलस्तर बढ़ने के कारण इस रास्ते को बंद करना पड़ता है। जुलाई 2023 में पानी के तेज बहाव से पुल को काफी नुकसान पहुंचा था और इसे पांच दिन तक बंद रखना पड़ा था।

यह मार्ग मनीमाजरा, पंचकूला और मनीमाजरा के आसपास के क्षेत्रों से चंडीगढ़ आने वाले लोगों के लिए महत्वपूर्ण है। पुल बंद होने पर वाहनों का दबाव मध्यमार्ग पर बढ़ जाता है, जिससे सुबह और शाम के व्यस्त समय में लंबा जाम लग जाता है।

सेक्टर-26 से मिलेगी बेहतर कनेक्टिविटी
प्रस्तावित फोरलेन एलिवेटेड पुल को मौजूदा पुल से अधिक ऊंचाई पर बनाया जाएगा, ताकि मानसून के दौरान सुखना झील से अतिरिक्त पानी छोड़े जाने पर भी आवाजाही प्रभावित न हो।

इससे सेक्टर-26 को सेक्टर-13, चंडीगढ़ आईटी पार्क, किशनगढ़ और पंचकूला स्थित मनसा देवी काॅम्प्लेक्स से जोड़ने वाले मार्ग पर यातायात सुचारु रखने में मदद मिलेगी। इस रास्ते का इस्तेमाल हरियाणा सचिवालय, पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट, राॅक गार्डन और बर्ड पार्क जाने वाले लोग भी करते हैं।

अधिकारियों के अनुसार, पुल बनने से मौजूदा यातायात अवरोध दूर होगा और लोगों को हर मौसम में निर्बाध कनेक्टिविटी मिल सकेगी।मालूम हो कि पंजाब यूनिवर्सिटी और पीजीआई में बनने वाले अंडरपास के लिए प्रशासन ने टेंडर जारी कर दिया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button